डिप्लोमा इंजीनियरों का आंदोलन 11वें दिन भी जारी
थराली, 2 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का आंदोलन 11वें दिन भी जारी रहा। अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताली अभियंताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले स्थायी खंड, लोक निर्माण विभाग थराली के कार्यालय परिसर स्थित धरना स्थल पर अभियंता लगातार 11वें दिन भी डटे रहे। इस दौरान अभियंताओं ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे आंदोलन कितना भी लंबा क्यों न चले, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
धरना स्थल पर 11वें दिन विकासखंड थराली, देवाल एवं नारायणबगड़ के अभियंता—दयाशंकर बधाणी, आशीष डोभाल, प्रेम जोशी, संतोष नेगी, आशीष रावत, मुकुल कम्बोज, अंकित सिलोड़ी, मनीष रावत, मितु नेगी, दीक्षा चौहान, विकास राणा, शुभम प्रजापति, संदीप कुमार, अक्षय कुमार, रोबिन और सुनीता सहित अन्य उपस्थित रहे।
अभियंताओं के पिछले 11 दिनों से चल रहे धरने के कारण क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं, नए स्वीकृत कार्यों का आकलन (एस्टिमेट) तैयार न हो पाने के चलते नए कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। माना जा रहा है कि हड़ताल जारी रहने पर विकास कार्यों की स्वीकृति और क्रियान्वयन में और अधिक देरी हो सकती है।
