क्षेत्रीय समाचार

चमोली में जिला सरकार ने शपथ ग्रहण के साथ थामी कमान

 

– महिपाल गुसाईं  की रिपोर्ट-

गोपेश्वर, 5 सितम्बर। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट और उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही नई जिला सरकार अस्तित्व में आ गई है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ ही शुक्रवार को अन्य निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की।

जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित सादे किंतु गरिमामय समारोह में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सबसे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट को शपथ दिलायी। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा उपाध्यक्ष और अन्य सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सबसे ज्यादा लोग नंदानगर प्रखंड से पहुंचे थे। पहली बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर इस क्षेत्र के किसी व्यक्ति के पदासीन होने से लोगों में भारी उत्साह था।

शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने सभी का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर थराली के विधायक भूपाल राम  टमटा  भी मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!