दीपावली पर उत्तराखंड के कर्मचारियों को तोहफा : 2.85 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बोनस और डीए बढ़ोतरी
देहरादून, 16 अक्टूबर। उत्तराखंड सरकार ने दीपावली से पहले राज्य के 2.85 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि और बोनस देने का आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वित्त विभाग ने यह आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार, सेवारत कर्मचारियों और पेंशनरों को 1 जुलाई 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाएगा। वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा जून 2025 तक कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत किया गया है, जिसे अब उत्तराखंड सरकार ने भी राज्य कर्मचारियों पर लागू करने का निर्णय लिया है। इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर प्रतिमाह लगभग 33.5 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
6908 रुपये का बोनस
आराजपत्रित श्रेणी के कर्मचारियों को दीपावली बोनस के रूप में 6908 रुपये दिए जाएंगे। यह बोनस 2024–25 के लिए स्वीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त, सहायताप्राप्त शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और सहकारी समितियों के कर्मचारियों को भी समान शर्तों पर बोनस मिलेगा।
जिन कर्मचारियों ने 31 मार्च 2025 तक कम से कम छह महीने की सेवा पूरी की होगी, उन्हें पूर्ण बोनस राशि मिलेगी। जबकि छह माह से कम सेवा देने वाले कर्मचारियों को उनके सेवा काल के अनुपात में बोनस दिया जाएगा।
पिटकुल कर्मियों को तीन प्रतिशत अतिरिक्त डीए
वित्त विभाग द्वारा आदेश जारी होने के बाद पिटकुल (PTCUL) के एमडी पीसी उपाध्याय ने कहा कि पिटकुल के कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के समान दर पर डीए वृद्धि का लाभ दिया जाएगा। एक जुलाई 2025 से कर्मचारियों को 55 प्रतिशत की जगह 58 प्रतिशत डीए मिलेगा। इससे कंपनी के कुल 874 नियमित कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि होगी।
इसके अलावा पिटकुल के संविदा कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन बोनस दिया जाएगा। कुल 586 कर्मचारियों को इस योजना का लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री का जताया आभार
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे और सचिवालय संघ के अध्यक्ष मुनीलाल लखेरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस और डीए बढ़ोतरी का निर्णय सरकार का सराहनीय कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में उत्साह और विश्वास बढ़ा है।
मुख्यमंत्री धामी ने भी कहा कि राज्य कर्मचारियों का योगदान सरकार की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण रहा है, और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस प्रकार दीपावली से पहले राज्य सरकार ने कर्मचारियों को खुशियों का तोहफा देते हुए बोनस और डीए वृद्धि की सौगात दी है, जिससे सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के घरों में इस बार दीपावली की रौनक और बढ़ जाएगी।
