दून विश्वविद्यालय के छात्रों का इंटर-यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन
देहरादून, 19 मार्च। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज, नई दिल्ली के तत्वावधान में सत्यबामा विश्वविद्यालय, चेन्नई द्वारा आयोजित 39वें इंटर-यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल 2025–26 का आयोजन 10 से 14 मार्च तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पांच दिवसीय इस महोत्सव में देशभर के 125 से अधिक विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, शांति और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिताओं में दून विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक शोभायात्रा में द्वितीय स्थान तथा स्किट/थिएटर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में मनस्वी, राजदीप राणा, अंजेश कुमार, कोमल, शौर्य, अनन्या, लोहित्य सिंह, आशुतोष बिष्ट, आदित्य चौहान, सिबान, शाश्वत और साक्षी सहित प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।
इस अवसर पर कुलपति ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
इस दौरान कुलसचिव श्री दुर्गेश डिमरी, प्रो. एच.सी. पुरोहित, प्रो. हर्ष डोभाल, प्रो. चेतन पोखरियाल, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. कैलाश कंडवाल सहित अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि इस सांस्कृतिक दल का नेतृत्व डॉ. अजीत पंवार ने किया।
