पुलिस उपाधीक्षक ने किया पोखरी थाने का औचक निरीक्षण

पोखरी, 28 दिसंबर (राणा)। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने थाना पोखरी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय व्यवस्था, मालखाना, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रागार, सीसीटीवी प्रणाली तथा साफ-सफाई की विस्तृत जांच की।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए उन्होंने थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक ने अभिलेखों को अद्यतन रखने, मालखाने के सुव्यवस्थित रख-रखाव, और ड्यूटी के दौरान अनुशासन व सतर्कता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत, एएसआई देवेन्द्र सिंह, भरत सिंह टोलियां, विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
