Front Page

वरुणावत पर्वत पर पर्यटकों के लिए विकसित होगा इको पार्क

 

उत्तरकाशी, 10 फरवरी। जिले में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में वरुणावत पर्वत टॉप पर इको पार्क विकसित करने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विभाग, वन विभाग तथा होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इको पार्क के निर्माण के लिए किसी अनुभवी आर्किटेक्ट के साथ विचार-विमर्श कर आकर्षक, आधुनिक एवं पूर्णतः पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) डिजाइन तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्क का विकास इस प्रकार किया जाए कि पहाड़ों की नैसर्गिक सुंदरता बनी रहे और स्थानीय जैव विविधता को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे। पर्यटक यहां प्रकृति के सौंदर्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनुभव कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाए।
वरुणावत टॉप तक पहुंच को और अधिक सुगम बनाने पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बस अड्डे के समीप से वरुणावत व्यू प्वाइंट तक प्रस्तावित ट्रेक मार्ग के सुधारीकरण के निर्देश दिए, ताकि पर्यटक सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से ट्रेकिंग का आनंद ले सकें। इसके साथ ही इको पार्क में कैफेटेरिया एरिया, बच्चों के लिए झूले, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, सेल्फी प्वाइंट तथा सूचना बोर्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देशित किया कि इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि इको पार्क के विकसित होने से जहां एक ओर पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी के.के. जोशी, एसडीओ रश्मि ध्यानी तथा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!