धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

चक्रव्यूह मंचन में सातवें द्वार पर अभिमन्यु वध देख भावुक हुए दर्शक

गौचर, 8 जनवरी (गुसाईं)। विकासखंड पोखरी की गंगा घाटी स्थित ग्राम पंचायत बमोथ में 30 दिसंबर से चल रहे पांडव नृत्य के नौवें दिन महाभारत युद्ध का मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। पांडवों और कौरवों के बीच रचे गए चक्रव्यूह के सातवें द्वार पर छल-कपट से वीर अभिमन्यु के वध का मंचन देख दर्शक भावुक हो उठे और बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं की आंखें नम हो गईं।।

चक्रव्यूह प्रसंग में मात्र 16 वर्षीय अभिमन्यु द्वारा एक-एक कर छह द्वारों को भेदने का दृश्य दर्शकों को रोमांचित कर गया, जबकि सातवें द्वार पर कौरवों द्वारा धोखे से किए गए उसके वध ने सभी को मर्माहत कर दिया। अर्जुन की अनुपस्थिति में द्वारपाल जयद्रथ ने अभिमन्यु के अतिरिक्त किसी भी पांडव को चक्रव्यूह में प्रवेश नहीं करने दिया। इस दौरान जयद्रथ और पांडवों के बीच हुए भीषण युद्ध का दृश्य भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
चक्रव्यूह के सातवें द्वार पर अभिमन्यु वध का दृश्य देखते ही दर्शकों में शोक की लहर दौड़ गई। मंचन देखने के लिए जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री सहित गौचर नगर क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मंचन में अभिमन्यु की भूमिका निभा रहे दिव्यांशु ठाकुर और जयद्रथ की भूमिका में सागर मल्ल सहित सभी कलाकारों ने सजीव और प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी.

कार्यक्रम में पांडव लीला समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष जयंती प्रसाद पंत, सचिव अरविंद गैरोला, युवक मंगल दल अध्यक्ष अतुल भट्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष दीपा नेगी, पुजारी पंडित प्रदीप लखेड़ा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नारायण के रूप में किशन लखेड़ा, युधिष्ठिर की भूमिका में सतेश्वर प्रसाद गैरोला, अर्जुन जगमोहन भट्ट, भीमसेन सुनील पुरोहित, नकुल अर्चित चमोला, सहदेव प्रदीप कंडारी, नागार्जुन शिवांग मल्ल, द्रौपदी हरीश नेगी, हनुमान धीरेन्द्र चौधरी, भूमियाल रावल के रूप में अनूप नेगी तथा लाटू देवता के रूप में दीपक रावत ने नृत्य के माध्यम से दर्शन देकर दर्शकों को आशीर्वाद प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!