Front Page

पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को थल सेनाध्यक्ष ने किया सम्मानित


—हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट—
थराली, 22 जनवरी। विकासखंड देवाल के अंतर्गत मन्दोली निवासी पूर्व सैनिक एवं अल्ट्रा रनर नायक (से.नि.) कलम सिंह बिष्ट को सेवानिवृत्ति के बाद समाज के उत्थान के लिए किए गए असाधारण कार्यों एवं उनकी हालिया उपलब्धियों के लिए सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सेना मुख्यालय, नई दिल्ली में सम्मानित किया।

चमोली जनपद के निवासी पूर्व नायक कलम सिंह बिष्ट को बुधवार देर सायं आयोजित एक समारोह में जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सेनाध्यक्ष ने नायक बिष्ट की पीठ थपथपाते हुए समाज हित में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अल्ट्रा रनिंग में नायक बिष्ट की उपलब्धियां सेना के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणास्रोत हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी समाज के लिए और बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

सेनाध्यक्ष द्वारा सौंपे गए सराहना पत्र में कहा गया है कि पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट ने सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्तव्यनिष्ठा एवं कार्यदक्षता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। देशभक्ति को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने राष्ट्र की प्रगति में अनमोल योगदान दिया है और देश के नागरिकों तथा पूर्व सैनिकों के लिए एक प्रेरक मिसाल कायम की है। उनके इस अद्भुत योगदान के लिए सेना की ओर से हार्दिक सराहना व्यक्त की गई है।

उल्लेखनीय है कि चौथी गढ़वाल राइफल्स (नूरानांग) से सेवानिवृत्त होने के बाद नायक बिष्ट ने अपने गांव मन्दोली के नाम पर ‘मन्दोली राइडर्स क्लब’ की स्थापना की। इस क्लब के माध्यम से वे क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवक-युवतियों एवं बच्चों को साइकिलिंग, पर्वतारोहण, लंबी दौड़, अल्ट्रा ट्रेल रनिंग और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके साथ ही युवाओं को सेना में भर्ती की तैयारी भी कराई जा रही है।

इतना ही नहीं, नायक कलम सिंह बिष्ट स्वयं भी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा ट्रेल रनिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर उत्तराखंड और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर चुके हैं। सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के चलते क्षेत्र में विभिन्न मंचों पर उनके कार्यों की सराहना लगातार होती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!