कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुईं उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं
पोखरी ब्लॉक में आठ केंद्रों पर 701 परीक्षार्थी शामिल
पोखरी, 23 फरवरी (राणा)। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं सोमवार से विकासखंड पोखरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ हो गईं। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मटूडा ने बताया कि विकासखंड के आठ परीक्षा केंद्र—राजकीय इंटर कॉलेज गोदली, उडामांडा, पोगठा, थालाबैड़, देवीखेत, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी, राजकीय इंटर कॉलेज चौड़ी तथा राजकीय इंटर कॉलेज सरमोला में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, जो 20 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।

प्रथम दिन इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जो निर्धारित समय पर प्रारंभ होकर कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा समाप्ति के बाद अधिकांश परीक्षार्थी आत्मविश्वास के साथ प्रसन्न नजर आए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही दो सचल दलों का गठन किया गया है। एक सचल दल स्वयं उनके नेतृत्व में विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगा, जबकि दूसरा दल उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट के नेतृत्व में परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर रहा है। दोनों दल परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर निगरानी रखेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
आंकड़ों के अनुसार विकासखंड के आठ परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के कुल 374 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 205 छात्र और 169 छात्राएं हैं। वहीं इंटरमीडिएट स्तर पर कुल 327 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 156 छात्र और 171 छात्राएं शामिल हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएं, ताकि बोर्ड की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रहे।
