क्षेत्रीय समाचार

वन विभाग के दो अधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर भावपूर्ण विदाई

थराली, 31 जनवरी (हरेंद्र बिष्ट)। अलकनंदा वन एवं भूमि संरक्षण विभाग थराली के वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट तथा बद्रीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर के अंतर्गत मध्य पिंडर रेंज थराली के उप वन क्षेत्राधिकारी कंचन सिंह की सेवानिवृत्ति पर वन विभाग की ओर से भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किए गए। इन अवसरों पर वन अधिकारियों, वन कर्मियों, वन पंचायतों के सरपंचों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने दोनों अधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
अलकनंदा रेंज कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त रेंजर सुरेंद्र सिंह बिष्ट के कार्यकाल की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। देवाल और थराली क्षेत्र के वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें एक अनुशासित और अनुभवी अधिकारी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने अपने सेवाकाल के दौरान अधिकारियों, अधीनस्थों एवं आम जनता से मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में मध्य पिंडर रेंज थराली के रेंजर मनोज देवराड़ी, वन दरोगा खिमानंद खंडूड़ी, अलकनंदा के वन दरोगा गंभीर बिष्ट, नरेंद्र नेगी, दिनेश गुसाईं तथा नव नियुक्त रेंजर सेन सिंह रावत सहित अन्य कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
उधर, मध्य पिंडर रेंज कार्यालय में रेंजर मनोज देवराड़ी की अध्यक्षता में आयोजित विदाई समारोह में उप वन क्षेत्राधिकारी कंचन सिंह को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर रेंजर मनोज देवराड़ी ने कंचन सिंह को एक कर्मठ, जुझारू एवं अनुशासित अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके कार्यशैली से अन्य वनकर्मियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने सेवानिवृत्ति पर कंचन सिंह को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!