क्षेत्रीय समाचार

किसान दिवस पर उमड़ा काश्तकारों का सैलाब, वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक खेती की जानकारी

पोखरी, 9 अप्रैल (राणा)। विकास खंड सभागार में किसान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में काश्तकार पहुंचे। नोडल अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती, उद्यान एवं पशुपालन से जुड़ी नवीन तकनीकों की जानकारी देकर जागरूक किया।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक डॉ. हीना ने किसानों को फसलों की बुवाई से लेकर कटाई तक की पूरी प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने उन्नत किस्म के बीजों के चयन, समय पर सिंचाई तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं, डॉ. दीप्ति ने गृह विज्ञान के अंतर्गत पोषण, खाद्य प्रसंस्करण तथा घरेलू स्तर पर आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
सहायक नोडल अधिकारी एवं विकासखंड कृषि प्रभारी राजेश चमियाल ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे काश्तकारों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से किसानों को खाद एवं उन्नत किस्म के बीज भी वितरित किए गए, जिससे काश्तकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर न्याय पंचायत किमोठा के कृषि प्रभारी गौरीशंकर शर्मा, रविंद्र चौहान, अनिल देवी, उद्यान प्रभारी पोखरी इंद्रजीत टम्टा, पशुपालन विभाग से फार्मेसिस्ट आशीष रावत, अनिल नेगी सहित कई विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मयंक वैष्णव, रमेश भट्ट, माहेश्वरी देवी, मीना देवी, पुष्पा पंत, नागेश भट्ट तथा कांता प्रसाद भट्ट समेत बड़ी संख्या में काश्तकारों ने प्रतिभाग कर वैज्ञानिकों से सीधे संवाद किया और अपनी समस्याओं के समाधान भी प्राप्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!