Front Page

व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल व सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

 

देहरादून, 19 मार्च। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल स्थित नीलकंठ महादेव और नैनीताल जनपद के रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव पार्किंग परियोजना की लागत 5183.65 लाख रुपये तथा रामनगर पार्किंग की लागत 3857.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है। मुख्य सचिव ने इन परियोजनाओं में पार्किंग निर्माण गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश और निकासी मार्गों में टर्निंग रेडियस सहित सभी तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। नीलकंठ महादेव में पार्किंग स्थल के लिए जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य करने और भवन के फसाड के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।
पेयजल विभाग की चार परियोजनाओं को भी समिति ने संस्तुति दी। इनमें पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना (2438.32 लाख रुपये), तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना (3986.24 लाख रुपये) और ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना (2578.52 लाख रुपये) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लालकुआं नगर पंचायत की सीवरलाइन परियोजना (37.95 लाख रुपये) को भी मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटर लगाने तथा सीवरलाइन परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए नियमित मॉनिटरिंग पर बल दिया।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क और 75 मीटर स्पान के पुल निर्माण (कुल लागत 1177.93 लाख रुपये) को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री दिलीप जावलकर और श्री रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!