गाडू घड़ा शोभायात्रा की सभी तैयारियां पूरी, 7 अप्रैल से होगी शुरू
गौचर, 31 मार्च (गुसाईं)। बद्रीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत द्वारा आयोजित होने वाली पारंपरिक तेल कलश ‘गाडू घड़ा’ शोभायात्रा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह धार्मिक यात्रा अपने पहले चरण में 7 अप्रैल से शुरू होकर 10 अप्रैल को डिम्मर गांव में संपन्न होगी।
पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ 7 अप्रैल को नरेंद्र नगर स्थित राजदरबार से किया जाएगा। पहले दिन यात्रा रात्रि विश्राम के लिए ऋषिकेश स्थित चैतराम विश्रामगृह पहुंचेगी।
8 अप्रैल को ऋषिकेश नगर में भव्य शोभायात्रा निकाले जाने के बाद रात्रि विश्राम शत्रुघ्न मंदिर में होगा। 9 अप्रैल को यात्रा ऋषिकेश से प्रस्थान कर श्रीनगर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 10 अप्रैल को श्रीनगर से चलकर यात्रा डिम्मर गांव स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी। यहां गाडू घड़ा को 19 अप्रैल तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा जाएगा।
यात्रा का दूसरा चरण 20 अप्रैल से आरंभ होगा, जो 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन के अवसर पर गर्भगृह में गाडू घड़ा की स्थापना के साथ संपन्न होगा। इस दौरान यात्रा जोशीमठ के नृसिंह मंदिर तथा पांडुकेश्वर स्थित योग ध्यान बदरी मंदिर में भी रात्रि विश्राम करेगी।
यह पारंपरिक शोभायात्रा बद्रीनाथ धाम की धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता करते हैं।
