Front Page

कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: 2027 की जंग के लिए तैयार हुई नई नेतृत्व टीम

“आज का दिन केवल पदभार ग्रहण का नहीं, बल्कि नई उम्मीदों, नए संकल्पों और नई दिशा का दिन है।”

उत्तराखंड कांग्रेस में हुए बड़े संगठनात्मक फेरबदल को लेकर उत्साह और नई ऊर्जा साफ दिखी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाईकमान ने 2027 के चुनावी रण के लिए एक अनुभवी और प्रभावी टीम मैदान में उतारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को खंड-खंड करने की साजिश में लगी है—कभी कुमाऊं बनाम गढ़वाल, कभी मैदानी बनाम पहाड़ी, कभी ठाकुर बनाम ब्राह्मण—लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता अब सतर्क है और इस विभाजनकारी राजनीति के जाल में नहीं फँसेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, और उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी—ये “पाँच पांडव” भाजपा रूपी “कौरवों” की सेना को 2027 में करारा जवाब देंगे।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि नेतृत्व भले बदलता हो, लेकिन लक्ष्य वही है—जनता का विश्वास जीतना और हर नागरिक के हक़ में मजबूती से खड़े रहना। उन्होंने कहा कि “यह संगठन हम सबका है और हम सब मिलकर ही इसकी शक्ति हैं।”

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा की ‘तोड़ो उत्तराखंड’ नीति का जवाब कांग्रेस ‘जोड़ो उत्तराखंड’ के संकल्प से देगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को नेतृत्व पर पूरा विश्वास रखना चाहिए, क्योंकि यही टीम राज्य को नई दिशा देगी।

चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यह बड़ा संगठनात्मक परिवर्तन केवल चेहरों का बदलाव नहीं, बल्कि ऊर्जा, एकजुटता और परिपक्व सोच का प्रतीक है। उन्होंने 27 जिलों के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अब समय आलोचना का नहीं, योगदान का है—व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का नहीं, सामूहिक विजय का है।

निवर्तमान अध्यक्ष एवं CWC के विशेष आमंत्रित सदस्य करण माहरा ने कहा कि जनता भाजपा के झूठे नारों और भ्रष्टाचार से ऊब चुकी है, और 2027 में कांग्रेस की जनोन्मुखी नीतियों पर भरोसा जताएगी।

नए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के संबोधन ने बढ़ाया जोश

नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं CWC सदस्य गणेश गोदियाल ने कहा—

“हम सब मिलकर उस कांग्रेस की परंपरा को आगे बढ़ाने आए हैं, जिसने देश को जोड़ने और समाज को सशक्त करने की सीख दी है।”

उन्होंने कहा कि नव नेतृत्व के साथ हर कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा और 2027 के मार्ग को प्रशस्त करेगा।
गोदियाल ने आगे कहा—

“हमारा रास्ता कठिन हो सकता है, लेकिन हमारा इरादा अडिग है। आज से हम सब नई जिम्मेदारी और नए जोश के साथ आगे बढ़ेंगे। हमारा हर कदम जनता के विश्वास और संगठन की गरिमा के अनुरूप होगा।”

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह समय भाषणों का नहीं—संघर्ष का है, और कांग्रेस संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटती।
उन्होंने कहा—

“हवा के भरोसे राजनीति नहीं चलती, हमें तूफ़ान बनकर आगे बढ़ना है।
जोश हमारा था, है और रहेगा—अब बस उसे दिशा देने का वक्त है।
अगर सरकार हमसे छीनी गई है तो हम उसे दोगुनी ताक़त से वापस लाएँगे।”

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि अन्याय, अहंकार और झूठ के खिलाफ है—और इस लड़ाई में जीत निश्चित है।
उन्होंने कहा—

जहाँ कार्यकर्ता खड़ा हो जाए, वहाँ हार का सवाल ही नहीं उठता। यह संघर्ष अब किसी एक व्यक्ति का नहीं—हम सबका है। और जब हम सब साथ खड़े हों, तो कोई ताक़त हमें रोक नहीं सकती।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित

इस अवसर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मीडिया सलाहकार गुरदीप सिंह सप्पल, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोोज यादव, राष्ट्रीय सचिव काज़ी निज़ामुद्दीन, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, कांग्रेस के सभी विधायक, सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!