खेल/मनोरंजनसुरक्षा

बद्रीनाथ से माउंट मुकुट पूर्व के लिए गढ़वाल राइफल्स का अभियान शुरू

बद्रीनाथ, 22 सितंबर : बद्रीनाथ धाम से रविवार को  भारतीय सेना के सूर्या कमांड के तत्वावधान में माउंट मुकुट ईस्ट (7045 मीटर) के लिए एक पर्वतारोहण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान में गढ़वाल राइफल्स के चुनिंदा जांबाज पर्वतारोही शामिल हैं।

टीम ने अभियान शुरू करने से पहले बद्रीनाथ मंदिर में रेजिमेंट के आराध्य देवता, बद्री विशाल का आशीर्वाद लिया। इसके बाद औपचारिक रूप से अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

समारोह से पहले, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरआरसी) के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से टीम को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “पवित्र बद्रीनाथ धाम से भगवान बद्री विशाल के आशीर्वाद के साथ इस अभियान की शुरुआत हमारे लिए विशेष महत्व रखती है। यह हमें आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है और हमारे आदर्श वाक्य ‘युद्धाय कृत निश्चय’ – दृढ़ संकल्प के साथ लड़ो – को और मजबूत करती है। मुझे इस टीम के प्रशिक्षण, साहस और एकजुटता पर पूरा भरोसा है। आगे बढ़ें और सम्मान के साथ शिखर पर विजय प्राप्त करें। जय बद्री विशाल!”

अभियान दल अब अपने बेस कैंप की ओर बढ़ेगा, जहां वे अंतिम चढ़ाई से पहले ऊंचाई के अनुकूलन (एक्लिमटाइजेशन) की प्रक्रिया शुरू करेंगे। यह अभियान न केवल शारीरिक और मानसिक दृढ़ता का परिचय देगा, बल्कि गढ़वाल राइफल्स की वीरता और संकल्प को भी प्रदर्शित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!