गौचर मेले का आगाज़, मुख्यमंत्री धामी ने किया उद्घाटन

गौचर, 14 नवंबर (गुसाईं)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण के साथ सात दिवसीय गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला शुरू हो गया। मेले का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया।
मुख्यमंत्री का स्वागत और औपचारिक शुरुआत
करीब दो बजे गौचर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मेले के मुख्य द्वार पर रिबन काटकर कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें गाजे-बाजे और बैंड बाजे के साथ मेला मंच तक पहुंचाया। मंच पर मुख्यमंत्री ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। साथ ही मेले के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय गोबिंद प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
विकास कार्यों का उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान और केदारनाथ धाम के कायाकल्प को सरकार की उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ रोपवे का काम शीघ्र शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लव जिहाद कानून, कड़ा भू-कानून, नकल विरोधी कानून और अवैध मजारों के नाम पर हुए अतिक्रमणों को हटाया जाना सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं। महिला आजीविका को बढ़ावा देने के लिए मिलेट आधारित उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों की मांग पूरे देश में बढ़ी है। उन्होंने कहा कि होमस्टे योजना ने रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं और मदरसों को समाप्त करने के लिए भी कानून बनाया गया है।
घोषणाएँ और आश्वासन
पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी की मांग पर मुख्यमंत्री ने गौचर में चार स्थानों पर पार्किंग निर्माण, गौचर हवाई पट्टी से 18 सीटर हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने, पालिका कर्मचारियों के लिए आवास व्यवस्था और साकेत नगर से रघुनाथ मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि गौचर में स्टेडियम निर्माण के लिए धन स्वीकृत कर दिया गया है और जिलाधिकारी को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
इस अवसर पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, गोपेश्वर पालिकाध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, दर्जाधारी रमेश गड़िया, गौचर व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल तथा अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी गौरव कुमार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मेलाधिकारी सौहन सिंह रागड़, तहसीलदार सुधा डोभाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
