क्राइम

गौचर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर व्यापार मंडल ने जताई चिंता, एसपी को लिखा पत्र

 


गौचर, 18 फरवरी (गुसाईं)। व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने गौचर कस्बे में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को प्रेषित पत्र में व्यापार मंडल अध्यक्ष ने उल्लेख किया है कि जनपद चमोली का गौचर कस्बा सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील होता जा रहा है। रेलवे निर्माण कार्य एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों और मजदूरों की बढ़ती संख्या के कारण क्षेत्र की संवेदनशीलता में लगातार इजाफा हो रहा है।
उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। इसके बावजूद गौचर रिपोर्टिंग चौकी में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
राकेश लिंगवाल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के ठोस प्रयास नहीं किए गए तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था के प्रति बरती जा रही ढिलाई के कारण क्षेत्र की जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!