थराली में छात्र-छात्राओं को दी गई महिला सुरक्षा ऐप्स की जानकारी

थराली, 8 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। थाना पुलिस थराली द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी के छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड पुलिस ऐप एवं गौरा शक्ति ऐप की विस्तृत जानकारी दी गई।
राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में आईक्यूएसी इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में थाना थराली से एएसआई लक्षण सिंह, शाहीन आरा, मधु तथा दीपक सिंह नेगी की टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित उत्तराखंड पुलिस ऐप एवं गौरा शक्ति ऐप के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान टीम ने छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय के स्टाफ के मोबाइल में इन एप्लिकेशन को डाउनलोड भी करवाया।
यूट्यूब वीडियो के माध्यम से ऐप की कार्यप्रणाली समझाने के बाद एएसआई लक्षण सिंह एवं शाहीन आरा ने बताया कि गौरा शक्ति ऐप उत्तराखंड पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विकसित एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन है। इस ऐप के माध्यम से किसी भी समस्या या शिकायत की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है, जिससे पुलिस शीघ्र सहायता के लिए मौके पर पहुंचती है। साथ ही इस ऐप पर शिकायत ऑनलाइन दर्ज करने और महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्य ने महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए महाविद्यालय पहुंची थाना थराली पुलिस टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. खेमकरण ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. शंकर राम, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. नीतू पाण्डे, रजनी नेगी, डॉ. सुधा राना, अनुज कुमार, मनोज कुमार, सुनील कुमार, मोहित उप्रेती, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, योगाचार्य कुशलानंद सती, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी थान सिंह, गुड्डू सिंह, छात्रसंघ सचिव मानसी, एनएसएस के जयकृत, सुमित कुमार, प्रदीप कुमार, बालकिशोर, सपना, लक्ष्मी रतूड़ी, प्रतिभा, प्राची, तनुजा जोशी, हिमांशी एवं मनमोहन सिंह सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने पुलिस टीम से आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।
