खेल/मनोरंजन

गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 के पहले चैप्टर का रंगारंग आगाज़

 

 तीन  दिवसीय समारोह का   पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया उद्घाटन


देहरादून, 21 फरवरी। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मैदान में तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 के पहले चैप्टर का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयी राज्यों में गोरखा समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी विविधता, लोकसंस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से है।

उद्घाटन समारोह में गोरखा हिमालयन समिति के संस्थापक आचार्य डॉ. सुशांत महाराज, अध्यक्ष कमला थापा, संरक्षक गोदावरी थापली और सलाहकार राजन शाही उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन ज्योति कोटिया एवं प्रभा शाह ने किया।


इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी तथा संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री नूतन बिष्ट भी मौजूद रहीं।
अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हिमालयी राज्यों में कला और संस्कृति का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिलता है, जो देश की सांस्कृतिक विविधता को और समृद्ध बनाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने देहरादून सहित प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया।

तीन दिवसीय इस महोत्सव के दौरान पारंपरिक लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से हिमालयी और गोरखा समुदाय की समृद्ध परंपराओं का प्रदर्शन होगा।

गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण मंच है, जिसमें प्रदेशवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता अपेक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!