वेतन विसंगति को लेकर अतिथि शिक्षक बैठे अनिश्चितकालीन धरने पर
पोखरी, 10 फरवरी (राणा)। वेतन विसंगति और लंबित भुगतान को लेकर माध्यमिक अतिथि शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने 10 फरवरी से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा की है।
इस संबंध में संगठन के प्रदेश मंत्री राकेश लाल, मनवर सिंह नेगी, कैलाश उप्रेती, दुर्गेश नौटियाल, अनूप सिंह, अनुपमा गुसाईं सहित अन्य अतिथि शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि जनवरी 2025 के शीतकालीन अवकाश, जून 2025 के ग्रीष्मकालीन अवकाश तथा जनवरी 2026 के शीतकालीन अवकाश का वेतन अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इससे अतिथि शिक्षक मानसिक तनाव और परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

संगठन ने यह भी बताया कि विकासखंड पोखरी में स्थायी शिक्षकों की तैनाती के कारण 11 अतिथि शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं, बीते चार माह से वेतन न मिलने के चलते उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
अतिथि शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि जनपद संगठन के आह्वान पर विकासखंड के सभी अतिथि शिक्षक-शिक्षिकाएं वेतन विसंगति दूर करने तथा लंबित भुगतान की मांग को लेकर 10 फरवरी से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
