क्षेत्रीय समाचार

हापला–गुणम–नैल मोटर मार्ग पर डामरीकरण अंतिम चरण में, जल्द मिलेगा बेहतर यातायात का लाभ

 

पोखरी, 27 मार्च (राणा)। लोक निर्माण विभाग, पोखरी के अधीन हापला–गुणम–नैल मोटर मार्ग पर चल रहा डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग द्वारा किमी 2 से किमी 4 तक लगभग तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य के तहत जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण, स्कवर एवं काजवे बनाना, सड़क की पेंटिंग और डामरीकरण जैसे कार्य किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अधिकांश हिस्से में कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
इस दौरान सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद और अवर अभियंता दीपक सेमवाल ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अपने सामने डामरीकरण कार्य कराते हुए ठेकेदार को स्पष्ट हिदायत दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद ने बताया कि सड़क के आधे से अधिक हिस्से में डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही पूरी सड़क तैयार कर ली जाएगी। इस सड़क के सुधारीकरण से गुणम, मसोली, कुलेडू नैल, नौली सहित आसपास की कई ग्राम सभाओं के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!