अंबेडकर नेशनल मेरिट अवार्ड के लिए हरीश रावत चयनित
ज्योतिर्मठ, 18 मार्च (कपरूवाण)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ के मेधावी छात्र हरीश रावत का चयन डॉ. अंबेडकर नेशनल मेरिट अवार्ड के लिए हुआ है। हरीश रावत, हीरा सिंह रावत के पुत्र हैं और ग्राम सुकी के निवासी होने के साथ वर्तमान में रविग्राम, ज्योतिर्मठ में रह रहे हैं।
प्रतिवर्ष सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को डॉ. अंबेडकर नेशनल मेरिट अवार्ड से सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष हरीश रावत ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 40,000 रुपये की धनराशि प्रदान की गई है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी विद्यालय के छात्र संजय राणा को इस प्रतिष्ठित अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। विद्यालय के छात्रों की इस निरंतर सफलता से विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला तथा सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य बद्री सिंह नेगी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हरीश रावत को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रकाश कपरुवाण, संरक्षक भुवन चंद्र उनियाल, प्रबंधक दिनेश बड़वाल, कोषाध्यक्ष हरेंद्र पवार, उपाध्यक्ष विपिन लाल शाह, भगवती प्रसाद कपरुवाण सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी छात्र की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
