नावेतल्ली संपर्क मार्ग का खतरनाक मोड़ बना जानलेवा, दुर्घटना की आशंका

लैंसडौन, 15 फरवरी (प्रभुपाल रावत)। लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के रिखणीखाल प्रखंड अंतर्गत दुर्गम एवं सीमांत गांव नावेतल्ली को जोड़ने वाला संपर्क सड़क मार्ग लोगों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। गांव की ओर जाने वाले इस मार्ग का शुरुआती मोड़ अत्यधिक तीव्र और कटानयुक्त है, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को दावत दे सकता है।
यह संपर्क सड़क द्वारी–भौन मार्ग से लगभग 2.5 किलोमीटर कटकर गांव नावेतल्ली तक जाती है। भंडूखाल नामक स्थान से शुरू होने वाला यह मार्ग विशेष रूप से भारी वाहनों और अन्य वाहनों के लिए अत्यंत जोखिम भरा है। तीव्र मोड़ के कारण वाहन सीधे नहीं मुड़ पाते, जिससे चालकों को आगे जाकर फिर पीछे लौटना पड़ता है। रात के समय यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस खतरनाक मोड़ की जानकारी विगत वर्ष भी प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, लैंसडौन को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लंबे समय से समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग लैंसडौन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि समय रहते इस मोड़ को और कटवाकर सड़क को सुगम बनाया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित हो सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
