थराली-चेपड़ो में बादल फटने से तबाही: दो मौतें, बुजुर्ग लापता, 33 दुकानें और कई मकान मलबे में दबे
— हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 23 अगस्त। थराली और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार रात बादल फटने और मूसलाधार बारिश से भारी तबाही मच गई। नगर पंचायत थराली, चेपड़ो, सबगड़ा, कुलसारी समेत कई गांवों में जन-धन का भारी नुकसान हुआ है। चेपड़ो गांव में 78 वर्षीय बुजुर्ग गंगा दत्त जोशी लापता हैं, जबकि आठ लोग घायल हो गए हैं। सबगड़ा गांव में मकान गिरने से 20 वर्षीय युवती कविता बिष्ट की मौत हो गई।
चेपड़ो बाजार में स्थित सरकारी आयुर्वेदिक चिकित्सा भवन और 33 दुकानों के साथ चार गौशालाएं पूरी तरह मलबे में दब गईं। मोहन राम की गौशाला में दबकर तीन गायों की मौत हो गई, जबकि अन्य मवेशी घायल हैं। कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। थराली बाजार में पांच दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं, 108 एंबुलेंस सहित एक दर्जन से अधिक वाहन मलबे में दब गए। रामलीला मैदान स्थित सरस्वती शिशु मंदिर का भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

थराली के कोटड़ीप गांव में तीन मकानों में मलबा घुस गया, जबकि राड़ीबगड़ में एसडीएम आवास समेत कई मकानों में मलवा भर गया। सगवाड़ा गांव में एक मकान गिरने से भी एक युवती की मौत की पुष्टि हुई।
आपदा प्रभावित गांवों में प्रशासन, पुलिस और डीडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। सबगड़ा में युवती का शव कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से निकाला गया। घायलों में देवी जोशी, गिरीश जोशी, शंभू प्रसाद जोशी, कैलाश जोशी, हेमंत रावत, बलवंत सिंह, जसपाल सिंह और सुमित जोशी शामिल हैं।
दुकानदारों के अनुसार लक्ष्मी प्रसाद जोशी, गंगा दत्त जोशी, विकास जोशी, रमेश जोशी, बसवनंद जोशी, हरेंद्र शाह, नरेन्द्र शाह, आत्मा राम जोशी, साहिब सिंह शाह, देवेंद्र शाह, महिपाल सिंह शाह, दर्शन शाह, गिरीश शाह, त्रिलोक सिंह शाह, बलवंत सिंह, महावीर शाह, कुंदन सिंह, जसपाल सिंह, संतोष सिंह, राकेश सिंह, गंगा सिंह, गजेन्द्र सिंह, केदार दत्त जोशी, भरत सिंह, हीरा बल्लभ जोशी, दिनेश जोशी, हरी प्रसाद जोशी, हरपाल सिंह, प्रेम सिंह शाह, दलवीर सिंह, विरेंद्र जोशी और दीपक जोशी की दुकानें बर्बाद हो गई हैं।
भारी बारिश से सड़कों पर भी यातायात ठप हो गया है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
