Front Pageक्राइम

12 हजार रुपये की रिश्वत लेते उद्यान निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

 

पेड़ों की कटाई की अनुमति के बदले मांगी थी घूस

देहरादून, 9 अप्रैल ।उधम सिंह नगर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सतर्कता विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के बदले घूस मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में तैनात हैं। शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को सूचना दी थी कि उसके खेत में लगे 16 आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के बदले आरोपी अधिकारी 12 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

गुरुवार को शिकायतकर्ता ने तय योजना के तहत आरोपी अधिकारी को 12 हजार रुपये की रिश्वत दी। इसी दौरान मौके पर पहले से मौजूद सतर्कता विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सतर्कता विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत तत्काल सतर्कता विभाग से करें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!