भारत का बागवानी उत्पादन 355.25 मिलियन टन होने का अनुमान, हुयी 8.07 मिलियन टन की वृद्धि
Ministry of Agriculture and Farmers’ Welfare releases third advance estimate of area and production of various horticultural crops for the year 2022-23
बागवानी फसलों के क्षेत्रफल व उत्पादन के संबंध में वर्ष 2022-23 का तीसरा अग्रिम अनुमान जारी
–uttarakhandhimalaya.in-
नयी दिल्ली, 18 जनवरी। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने वर्ष 2022-23 के लिए विभिन्न बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन का तीसरा अग्रिम अनुमान जारी कर दिया है। वर्ष 2022-23 में कुल बागवानी उत्पादन 355.25 मिलियन टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2021-22 (अंतिम) की तुलना में लगभग 8.07 मिलियन टन अधिक (2.32% की वृद्धि) है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि देश में लगातार बढ़ रहे बागवानी उत्पादन की यह उपलब्धि हमारे किसान भाइयों-बहनों व वैज्ञानिकों की मेहनत तथा केंद्र सरकार की कृषि और किसान हितैषी अच्छी नीतियों का सद्परिणाम है।
राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों और अन्य सरकारी स्रोत एजेंसियों से प्राप्त सूचना के आधार पर संकलित वर्ष 2022-23 के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार फलों, सब्जियों, रोपण फसलों, मसालों, फूलों व शहद के उत्पादन में वृद्धि अनुमानित है। फलों का उत्पादन वर्ष 2021-22 में 107.51 मिलियन टन से बढ़कर वर्ष 2022-23 में 109.53 मिलियन टन होने का अनुमान है।
इसी तरह, सब्जियों का उत्पादन वर्ष 2022-23 में 213.88 मिलियन टन होने का अनुमान है जबकि वर्ष 2021-22 में उत्पादन 209.14 मिलियन टन था। रोपण फसलों का उत्पादन वर्ष 2021-22 में 15.76 मिलियन टन से बढ़कर वर्ष 2022-23 में 16.84 मिलियन टन होने का अनुमान है अर्थात लगभग 6.80% की वृद्धि अनुमानित है।
आलू का उत्पादन 60.22 मिलियन टन होने की उम्मीद है जबकि वर्ष 2021-22 में उत्पादन 56.18 मिलियन था। टमाटर का उत्पादन वर्ष 2021-22 में 20.69 मिलियन टन की अपेक्षा वर्ष 2022-23 में 20.37 मिलियन टन होने की उम्मीद है।
कुल बागवानी | 2021–22 (अंतिम) |
2022–23 (दूसरा अग्रिम अनुमान) |
2022–23 (तीसरा अग्रिम अनुमान) |
क्षेत्रफल (मिलियन हेक्टेयर में) | 28.04 | 28.12 | 28.34 |
उत्पादन (मिलियन टन में) | 347.18 | 351.92 | 355.25 |