क्षेत्रीय समाचार

पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग पर अधूरा निर्माण कार्य बना जानलेवा, ग्रामीणों में आक्रोश

पोखरी, 3 फरवरी (राणा)। लोक निर्माण विभाग के अधीन पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग पर इन दिनों लाखों रुपये की लागत से स्कवर व काजवे के पुनर्निर्माण, ब्रेस्टवाल तथा रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। लेकिन ठेकेदार की लापरवाही और कार्य की धीमी गति के कारण बगथल और नारी गदेरे के पास कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे इन दोनों स्थानों पर सड़क अत्यंत खस्ताहाल और जानलेवा बनी हुई है।

इस मोटर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े सवारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है। अधूरा निर्माण कार्य होने के कारण वाहन चालक और यात्री रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। किमोठा के ग्राम प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह नेगी तथा गजेंद्र नेगी ने विभाग से निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि मार्ग पर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि धन की कमी के कारण कार्य कुछ समय के लिए बाधित हुआ था, लेकिन अब धनराशि उपलब्ध हो गई है और ठेकेदार के खाते में भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!