लोनिवि थराली के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
थराली, 9 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर लोनिवि निर्माण खंड थराली के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने सोमवार से कार्यबहिष्कार करते हुए खंड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
लोनिवि थराली डिवीजन की मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह आंदोलन शुरू किया। एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों के पारस्परिक स्थानांतरण, वंचित कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों का समाधान शामिल है।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्यबहिष्कार और धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 13 फरवरी को देहरादून में विभागाध्यक्ष कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जबकि 18 फरवरी को प्रस्तावित सचिवालय कूच में थराली डिवीजन के कर्मचारी भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ कर्मचारी नेता देवराज सिंह राणा, रोशन लाल निराला, मोहन सिंह जलाल, कैलाश चंद्र, राजेंद्र सिंह, त्रिलोक सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह, विनोद कुमार लोहनी, अमन कुमार, दिनेश चंद्र देवराड़ी, मनीष बिष्ट, कुंवर सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने धरने में सहभागिता की और अपने विचार व्यक्त किए।
