चौबट्टिया में भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ शुरू

देहरादून, 05 मार्च । उत्तराखंड के चौबट्टिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में भारत और जापान के बीच सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ जारी है। यह अभ्यास 24 फरवरी 2026 को आरंभ हुआ और 9 मार्च 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य साझा सुरक्षा चुनौतियों और वैश्विक आतंकवाद के बदलते स्वरूप को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना और जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JGSDF) के बीच सैन्य सहयोग को और सुदृढ़ करना है।
इस संस्करण में दोनों देशों के 120-120 सैनिक भाग ले रहे हैं। जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स की ओर से 32वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट के जवान हिस्सा ले रहे हैं, जबकि भारतीय सेना की ओर से लद्दाख स्काउट्स की टुकड़ी अभ्यास में शामिल है।

अभ्यास की शुरुआत एकीकरण एवं ओरिएंटेशन गतिविधियों से हुई, जिसके बाद संयुक्त प्रशिक्षण को गति दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य फोकस अर्ध-शहरी परिदृश्य में संयुक्त अभियानों की क्षमता विकसित करना है। इसके तहत उच्च स्तर की शारीरिक दक्षता, संयुक्त योजना निर्माण, पारस्परिक समन्वय (इंटरऑपरेबिलिटी) तथा वास्तविक परिस्थितियों में सामरिक अभ्यासों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रमुख गतिविधियों में अस्थायी ऑपरेटिंग बेस की स्थापना, इंटेलिजेंस-सर्विलांस-रिकॉनिसेंस (ISR) ग्रिड का निर्माण, मोबाइल वाहन चेक पोस्ट की स्थापना, शत्रुतापूर्ण वातावरण में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन), हेलिबोर्न ऑपरेशन और हाउस इंटरवेंशन ड्रिल शामिल हैं।

अभ्यास का समापन एक वैलिडेशन एक्सरसाइज के साथ होगा, जिसमें संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त दक्षताओं का आकलन समेकित फील्ड परिदृश्य के माध्यम से किया जाएगा। ‘धर्म गार्डियन’ न केवल दोनों सेनाओं के बीच सामरिक समझ को मजबूत कर रहा है, बल्कि आपसी विश्वास, मित्रता और भारत-जापान रक्षा सहयोग को भी नई मजबूती दे रहा है।
