क्षेत्रीय समाचार

तहसीलदार व खाद्य निरीक्षक ने पोखरी में गैस गोदाम और होटलों में चलाया निरीक्षण अभियान

 

फोटो: निरीक्षण करते तहसीलदार व खाद्य निरीक्षक

पोखरी, 14 मार्च (राणा)। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच रसोई गैस की संभावित किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में तहसीलदार जिनेंद्र सिंह रावत और खाद्य निरीक्षक पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से पोखरी स्थित इंडिया गैस एजेंसी के गोदाम तथा बाजार क्षेत्र के होटलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गैस गोदाम में सिलेंडरों की तौल कराई गई तथा उपलब्ध स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। अधिकारियों ने गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों की स्थिति और आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया। जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।

तहसीलदार जिनेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही गैस की किल्लत संबंधी अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने गैस एजेंसी के प्रबंधक और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र के होटलों का भी निरीक्षण किया। होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इंडिया गैस एजेंसी के प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद पुरोहित ने बताया कि शहरी क्षेत्र में उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद बुकिंग पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद बुकिंग पर सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल गोदाम में व्यावसायिक सिलेंडरों की उपलब्धता नहीं है।

निरीक्षण के दौरान खाद्य निरीक्षक पंकज कुमार सहित संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!