आपदा/दुर्घटना

दुर्घटना में मृत जवान का पूरे सैनिक सम्मान के साथ पिंडर नदी के तट पर अंतिम संस्कार

रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट।
थराली/देवाल। देवाल-सुयालकोट-मानमती मोटर सड़क पर एक वाहन दुर्घटना में भारतीय सेना के लांसनायक की मौत के बाद आज शनिवार को जवान के रैन स्थिति पिंडर नदी में उसके पैतृक घाट में सैनिक सम्मान के साथ गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

उल्लेखनीय हैं कि 9 मई की देर रात करीब 9.30 बजे देवाल-सुयालकोट-मानमती मोटर सड़क पर रैन पास समरापाखा नाम स्थान पर एक कार यूके 07 एफएफ 0499 सड़क से करीब 200 मीटर नीचे पिंडर नदी में जा गिरी, जिसमें कार सवार रैन गांव के फैटी तोक निवासी एवं 14 गढ़वाल राइफल में तैनात 32 वर्षीय लांसनायक प्रमोद सिंह बिष्ट पुत्र महिपाल सिंह बिष्ट की मौत हो गई थी।

शुक्रवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं पुलिस प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से निकाला उसके बाद पुलिस ने शव को देर सांय उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा जहां पर शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया उसके बाद जवान के शव को सेना ने अपने कब्जे में लेकर सेना के वाहन से रैन गांव लाएं जहां पर जवान की पत्नी, माता-पिता,भाई बहिनों सहित अन्य परिजनों ने उसके अंतिम दर्शन किए ।

इस अवसर पर थराली विधायक भुपाल राम टम्टा ने राज्य सरकार की ओर से जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। जबकि थराली के तहसीलदार गिरीश तिवाड़ी ने जवान को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस मौके पर देवाल भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, थराली के नंदू बहुगुणा, पूर्व जेष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, रैन के पूर्व क्षेपंस रविन्द्र बिष्ट,सोबन सिंह खत्री सहित दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजें जवान के घर से भारत माता की जय, जबतक सूरज चांद रहेगा प्रमोद तेरा नाम अमर रहेगा आदि नारों के साथ शव यात्रा शुरू हुई। जोकि उसके पिंडर नदी स्थिति पैतृक घाट तक पहुंची। जहां पर सेना की ओर से 6 ग्रीनेट रूद्रप्रयाग के  सुबेदार मेजर बंशी लाल,नायक महबूब खान, गढ़वाल स्काउट जोशीमठ के कैप्टन एस नायर , सुबेदार प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में आए सेना के जवानों ने शस्त्र सलामी दी। इसके बाद जवान को उसके परिजनों के द्वारा गमगीन माहौल के बीच मुखाग्नि दी।

इस मौके पर पुलिस प्रशासन की ओर से राजस्व निरीक्षक जगदीश प्रसाद गैरोला, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह नेगी, थराली पुलिस चौकी प्रभारी विनोद रावत सहित तमाम अन्य लोगों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उधर लांसनायक के आक्समिक निधन पर उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!