उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर वाम दलों ने जताई चिंता
देहरादून, 10 फरबरी। तीन वामपंथी दलों—भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाकपा (माले)—की संयुक्त बैठक न्यू गांधी ग्राम स्थित माकपा राज्य कार्यालय, कॉमरेड पूर्ण चंद्र स्मृति भवन में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में हाल के घटनाक्रमों और सामाजिक वातावरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वाम दलों के नेताओं ने राज्य में बढ़ती सामाजिक तनाव की घटनाओं और अपराध के मामलों पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है और इन पर प्रभावी रोक लगाए जाने की आवश्यकता है। नेताओं ने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
वाम नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया पर जनता की निगाहें टिकी हैं और इससे जुड़े आंदोलनों के बीच सामाजिक तनाव बढ़ने की स्थितियां चिंता का विषय हैं। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और पारदर्शिता आवश्यक है।
बैठक में कोटद्वार की एक घटना का उल्लेख करते हुए वाम नेताओं ने कहा कि वहां एक बुजुर्ग व्यक्ति की मदद करने वाले दीपक कुमार के साथ हो रही घटनाएं और उन्हें लेकर सामने आ रही घोषणाएं चिंताजनक हैं। नेताओं ने कहा कि किसी भी नागरिक को निशाना बनाए जाने की घोषणा कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती मानी जानी चाहिए और ऐसे मामलों में पुलिस को सतर्क रहते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
वाम दलों ने 31 जनवरी को कोटद्वार में हुई घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि सार्वजनिक शांति भंग होने की स्थिति में जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा की जाती है। नेताओं का कहना था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक के अंत में वाम दलों ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि वे कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करें, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय स्थिति को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और आम जन से जुड़े मुद्दों पर शांतिपूर्ण ढंग से संवाद व प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक में भाकपा के राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य कॉमरेड समर भंडारी, माकपा के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र पुरोहित, भाकपा (माले) के राज्य सचिव कॉमरेड इन्द्रेश मैखुरी सहित तीनों दलों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
