क्षेत्रीय समाचार

थराली के सोल डुंग्री में विधिक जागरूकता एवं जनकल्याण शिविर आयोजित

थराली, 14 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के अंतर्गत सोल डुंग्री स्थित शिव मंदिर प्रांगण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 से अधिक सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्वायत्त सहकारिताओं ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।

शिविर का उद्घाटन सीनियर सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली पुनीत कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि न्याय तक आम जनता की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अनेक लोक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं। शिविर का उद्देश्य लोगों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ न्याय व्यवस्था की बुनियादी जानकारी उपलब्ध कराना है।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 85 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयों का वितरण किया। समाज कल्याण विभाग ने एक अटल आवास, एक वात्सल्य योजना का लाभ तथा एक दिव्यांग उपकरण प्रदान किया। पशुपालन विभाग ने पांच लाभार्थियों को दवाइयां वितरित कीं। उप-कोषागार थराली ने 20 तथा राजस्व विभाग ने 35 लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र प्रदान किए। श्रम विभाग द्वारा 20 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया, जबकि कृषि विभाग ने 50 कृषि यंत्र वितरित किए। उद्यान विभाग ने 20 लाभार्थियों को निःशुल्क बीज उपलब्ध कराए।

लीड बैंक ने 40 लोगों की केवाईसी करते हुए उन्हें साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। पंचायती राज विभाग ने 60 लोगों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किए। शिविर में यूसीसी पंजीकरण के साथ-साथ परिवार रजिस्टर की नकल भी उपलब्ध कराई गई। शिक्षा विभाग ने 75 लोगों को विद्यालयों में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से 50 लोगों ने स्थानीय उत्पादों का क्रय किया, जबकि जिला सैनिक कल्याण विभाग ने 25 पेंशन प्रकरण प्राप्त किए।

इस अवसर पर रुद्रेश कला मंच, गोपेश्वर द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। शिविर में उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट, गोपेश्वर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत सिंह रावत, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कृष्णा, मुख्य कानूनी सहायता रक्षा परामर्शदाता समीर बहुगुणा, डिप्टी कानूनी सहायता रक्षा परामर्शदाता मोहन पंत, हिमाद के सचिव उमा शंकर बिष्ट सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को कानूनी व जनकल्याणकारी जानकारी प्रदान की।

शिविर में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंगल दल, नवयुवक मंगल दल, पूर्व सैनिक तथा स्थानीय स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!