इज्जर गांव में महिलाओं का बड़ा फैसला: सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर सख्त पाबंदी
पोखरी, 23 मार्च (राणा)। विकास खंड के ग्राम पंचायत कान्डई खोला के इज्जर गांव में महिला मंगल दल की महिलाओं ने शराबबंदी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। महिला मंगल दल की अध्यक्ष सरिता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि शादी-विवाह, मुंडन सहित किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब परोसने वालों के खिलाफ अर्थदंड के साथ अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं का कहना है कि गांवों में अवैध शराब का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है, जिससे कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं। साथ ही नई पीढ़ी भी नशे की चपेट में आकर अपना भविष्य खराब कर रही है। इसका सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं पर पड़ रहा है, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में खेती-बाड़ी और घर-गृहस्थी की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर होती है, जबकि पुरुष रोजगार के लिए बाहर रहते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि शराब पीने के बाद लोग खाली बोतलें खेतों और जंगलों में फेंक देते हैं, जिससे कामकाज के दौरान उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार कांच के टुकड़ों से चोट लगने की घटनाएं भी सामने आती हैं।
बैठक के बाद महिलाओं ने गांव में जुलूस निकालकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराबबंदी का ऐलान किया और चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर पूजा देवी, गीता देवी, रजनी देवी, शशि देवी, गुड्डी देवी, सतेश्वरी देवी, शांति देवी, मीनाक्षी देवी, बैजती देवी, चंद्रा देवी, ऊमा देवी और देवेश्वरी देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
