क्षेत्रीय समाचारधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बधाण की नंदादेवी लोकजात यात्रा सूना गांव पहुंची

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 23 अगस्त।नंदानगर स्थित नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से प्रारंभ हुई बधाण क्षेत्र की नंदादेवी लोकजात यात्रा शुक्रवार को अपने सातवें पड़ाव सूना गांव पहुंच गई। यात्रा शुक्रवार सुबह छठवें पड़ाव सोल डुंग्री से रवाना हुई। इस दौरान पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने देवी की उत्सव डोली का भव्य स्वागत किया, पूजा-अर्चना की और मनौतियां मांगी।

सोल डुंग्री में गुरुवार रात देवी का जागरण हुआ। भगवती चौक पर देर रात तक झोड़े और चाचरी के कार्यक्रमों के बीच श्रद्धालुओं ने देवी की आराधना की। शुक्रवार सुबह डुंग्री, रूईसाण और आसपास के गांवों के भक्तों ने देवी की स्तुति कर यात्रा को विदा किया। लगभग दोपहर 12 बजे यात्रा सूना गांव की ओर रवाना हुई।

यात्रा मार्ग में मैन केरा गांव में भक्तों ने उत्सव डोली और श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। यहां दोपहर का भोजन हुआ। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे यात्रा सूना गांव के लिए प्रस्थान कर देर शाम वहां पहुंची।

शनिवार को यात्रा थराली गांव, थराली बाजार, केदारबगड़ और रानीबगड़ होते हुए अपने आठवें पड़ाव चेपड़ो गांव पहुंचेगी।

यात्रा मार्ग पर नंदादेवी राजराजेश्वर मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष नरेश गौड़, पंडित योगेश्वर गौड़, राकेश गौड़, किशोर गौड़, दयाराम गौड़, धनीराम गौड़, पारेश्वर गौड़, अनुसूया प्रयास गौड़ आदि ने भक्तों की पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!