फर्जी एआई पोस्टों के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन चेतावनी, एसएसपी से कार्रवाई की मांग
देहरादून, 5 मार्च। प्रदेश महिला कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी एआई जनरेटेड पोस्टों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इन पोस्टों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेताओं की छवि को सुनियोजित तरीके से धूमिल किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में श्रीमती ज्योति रौतेला ने कहा कि फेसबुक पर संचालित कुछ पेज और समूह— “धाकड़ धामी”, “वसूली अभियान मोर्चा”, “सनातनी धामी” और “धामी की धमक”—लगातार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और उसके नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग कर मनगढ़ंत और झूठे कंटेंट तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें एक विशेष धर्म का सहारा लेकर पार्टी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामग्री न केवल राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि समाज में भ्रम, वैमनस्य और साम्प्रदायिक तनाव भी उत्पन्न कर सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत की छवि भी इसी प्रकार की पोस्टों के माध्यम से धूमिल की जा रही है। इस संबंध में पूर्व में लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर चिंता जताई गई।
महिला कांग्रेस ने इसे सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए संबंधित फेसबुक पेजों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध आईटी एक्ट की उपयुक्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्रीमती रौतेला ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश महिला कांग्रेस पुलिस मुख्यालय के बाहर लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, महासचिव निधि नेगी, चन्द्रकला नेगी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
