Front Page

विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: हरिद्वार के खंड शिक्षा अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 

 

देहरादून, 18  दिसंबर। सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने गुरुवार को जनपद हरिद्वार के खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद, बृजपाल सिंह राठौड़ को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उन्हें पुलिस मॉडर्न स्कूल, 40वीं वाहिनी पीएसी के नवीनीकरण एवं मान्यता संबंधी कार्यों के एवज में यह राशि लेते हुए विकास भवन रोशनाबाद से हिरासत में लिया गया। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई के लिए उन्हें देहरादून ले जाया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विजिलेंस विभाग को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की खुली छूट प्रदान की है। इसके परिणामस्वरूप वर्ष दर वर्ष विजिलेंस ट्रैप केसों और गिरफ्तारियों की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। मजबूत साक्ष्यों के आधार पर सतर्कता विभाग आरोपियों को अदालत से सजा दिलाने में भी सफल रहा है। मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के स्पष्ट निर्देशों का प्रभाव विजिलेंस की कार्रवाइयों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1064 भी जारी किया गया है। साथ ही, सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अंतिम फैसले तक आरोपी अधिकारियों को पूर्व दायित्व या कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी न सौंपी जाए। ट्रैप मामलों में अभियोजन प्रक्रिया को तेज करने के भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

“देवभूमि उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाते हुए सुशासन की कार्य संस्कृति विकसित करना हमारा लक्ष्य है। भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए विजिलेंस को अभियान छेड़ने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तराखंड में ईमानदार शासन व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!