क्षेत्रीय समाचारस्वास्थ्य

देवसारी में ग्राफिक एरा अस्पताल का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 60 मरीजों की जांच

थराली/देवाल, 8 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। ग्राम पंचायत देवसारी में ग्राफिक एरा अस्पताल, देहरादून की ओर से एक विशेष एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 60 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। गंभीर बीमारियों से ग्रसित 10 रोगियों को आगे के उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल देहरादून रेफर किया गया।
रविवार को ग्राफिक एरा अस्पताल देहरादून की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम पर्यटन स्थल ग्वालदम से लगे देवसारी गांव पहुंची। जूनियर हाईस्कूल के समीप आयोजित शिविर में टीम ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। जांच के दौरान गंभीर रोगों से पीड़ित 10 मरीजों को उच्च चिकित्सा सुविधा हेतु रेफर किया गया।
इस अवसर पर देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया और देवसारी की ग्राम प्रधान सुनीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्राफिक एरा अस्पताल द्वारा गांव-गांव में लगाए जा रहे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिंडर घाटी क्षेत्र चिकित्सा सुविधाओं की दृष्टि से अपेक्षाकृत पिछड़ा है और ऐसे शिविरों से यहां के ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल देहरादून के प्रबंधन का आभार जताते हुए भविष्य में भी देवसारी सहित आसपास के गांवों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!