कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जिला अध्यक्षों की बैठक ली, संगठन सुदृढ़ीकरण पर दिया जोर

देहरादून, 18 नवंबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत चुने गए प्रदेश के सभी 27 जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा और मनोज यादव भी उपस्थित रहे।
नव नियुक्त अध्यक्षों को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि संगठन सृजन कार्यक्रम के माध्यम से चुने गए जिला एवं महानगर अध्यक्षों के सामने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला अध्यक्ष को अपने क्षेत्र में वरिष्ठ नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर बूथ, न्याय पंचायत और ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान करनी होगी। साथ ही, संगठनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यक्रम समानांतर रूप से संचालित करने होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पिछले नौ वर्षों के भाजपा शासन में बढ़ते कुशासन, महिलाओं के खिलाफ अपराधों और प्रशासनिक विफलताओं से त्रस्त है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही हिंसा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कई मामलों में भाजपा के लोग सीधे तौर पर शामिल पाए गए हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड और हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष की पुत्री के साथ दुराचार इसका उदाहरण है।
गोदियाल ने बेरोजगारी को प्रदेश की सबसे गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि सरकार की युवा-विरोधी नीतियों से युवा वर्ग निराश है और इस मुद्दे को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि अनेक पहाड़ी क्षेत्रों में जनता खराब स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के विरोध में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाते हुए संगठन को मजबूत करना होगा और इसकी नियमित समीक्षा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की जाएगी।
बैठक में सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने नव नियुक्त अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि जहां संगठन के पुनर्गठन की आवश्यकता हो, वहां के प्रस्ताव शीघ्र प्रदेश कमेटी को भेजें। सह प्रभारी मनोज यादव ने तीन महीने के भीतर बूथ स्तर तक समितियाँ गठित करने और सभी ब्लॉकों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के गठन का आह्वान किया।
बैठक का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया।बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष देहरादून डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पौड़ी जिला अध्यक्ष विनोद नेगी, टिहरी जिला अध्यक्ष मोरारी लाल खंडेलवाल, यमुनोत्री जिला अध्यक्ष दिनेश चौहान, उत्तरकाशी जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत, कोटद्वार जिला अध्यक्ष विकास नेगी, मीना बछवान, कुलदीप कंडारी, उत्तम सिंह असवाल, अमन गर्ग, बालेश्वर सिंह, राजेंद्र चौधरी, फुरकान अहमद, मोहित उनियाल, संजय किशोर, अल्का पाल, हिमांशु गावा, गोविंद सिंह बिष्ट, भूपेंद्र सिंह भोज, दीपक किरौला, अर्जुन भट्ट, मुकेश पंत, मनोहर टोलिया और चिराग फर्त्याल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
