क्राइम

देहरादून की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

 

देहरादून, 11 फरवरी। जिले  में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मंगलवार को एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी सदर श्री हरगिरी को ज्ञापन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में हाल के दिनों में हुई गंभीर घटनाओं का उल्लेख करते हुए चिंता जताई। उन्होंने तिब्बती बाजार क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई हत्या की घटना, ऋषिकेश और मच्छी बाजार में पूर्व में हुई हत्याओं के साथ-साथ दून इंटरनेशनल स्कूल, डालनवाला में एक छात्रा के अपहरण प्रयास की घटना को कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया।
ज्ञापन में कहा गया कि इस तरह की घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण न हो पाने को लेकर रोष व्यक्त करते हुए मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में माकपा के सचिव अनन्त आकाश, उत्तराखंड आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के संरक्षक नवनीत गुंसाई, प्रवक्ता चिन्तन सकलानी, यूकेडी की वरिष्ठ नेत्री प्रमिला रावत, बीजीवीएस की स्वाति नेगी, नेताजी संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रभात डंडरियाल, जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार, राजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!