क्राइम

गुमशुदा नाबालिग सकुशल बरामद, आरोपी सौतेला पिता भी गिरफ्तार

 

कोटद्वार, 7 फरवरी (शिवाली)। कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को सिगड्डी कलालघाटी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। बालिका की सुरक्षित बरामदगी के बाद मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
पुलिस जांच के दौरान जानकारी मिली कि बालिका 5 फरवरी को अपनी नानी के पास बी.ई.एल. रोड गई थी। पूछताछ में नानी ने बताया कि बालिका अत्यंत डरी हुई अवस्था में थी और अपने माता-पिता के साथ रहने को लेकर असहज महसूस कर रही थी। बाद में नानी ने बालिका को अपने एक परिचित के यहां सिगड्डी क्षेत्र में ठहराया था, जहां से पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद बालिका को सुरक्षित वातावरण में रखकर विश्वास में लिया गया। इस दौरान बालिका ने बताया कि 5 फरवरी की रात्रि को उसके सौतेले पिता रोशन पांडे, निवासी नजीबाबाद रोड, कौड़िया द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। भय और मानसिक दबाव के चलते ही वह घर छोड़कर नानी के पास चली गई थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त रोशन पांडे को नजीबाबाद रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी और गिरफ्तारी अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल चौहान, उपनिरीक्षक शशिभूषण जोशी, उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट तथा हेड कांस्टेबल शशिकांत त्यागी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!