हापला में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 300 से अधिक मरीजों का परीक्षण

पोखरी, 12 अप्रैल (राणा)। क्षेत्र की सुदूरवर्ती हापला घाटी में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी के प्रयासों से ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हड्डी रोग, महिला रोग, फिजिशियन, नेत्र तथा ईएनटी सहित विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 300 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श के साथ-साथ आवश्यक जांच की सुविधा भी प्रदान की गई। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आगे के उपचार के लिए देहरादून रेफर किया गया, जहां ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में उनका आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निशुल्क उपचार किया जाएगा।

हापला घाटी के मसोली, गुणम, नैल, नौली, पार्टी, जखमाला, श्रीगढ़, कलसीर, डांडो, डाडागैर सहित एक दर्जन से अधिक ग्राम सभाओं के ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाया। दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से शिविर सफल रहा।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को उनके गांव के पास ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कई लोग आर्थिक कारणों से देहरादून जैसे शहरों में इलाज नहीं करा पाते हैं, ऐसे में इस तरह के प्रयास उन्हें राहत प्रदान करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी अन्य क्षेत्रों में इसी प्रकार के शिविर आयोजित करने की बात कही।
शिविर में सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. कार्तिक, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रिशाली, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. रुचि भंडारी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सूरज मिश्रा व डॉ. प्रशांत वशिष्ठ, लैब तकनीशियन सचिन पांडे तथा फार्मेसिस्ट अमित रावत ने सेवाएं दीं।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारती, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज भंडारी, पूर्व प्रधान मीना राणा, मसौली प्रधान दिव्या देवी, कोपरेटिव बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह नेगी, बीरेंद्र भंडारी, संतोष चौधरी, गजेंद्र नेगी, इंद्रेश राणा, अंशुल भंडारी, देवेंद्र लाल, किशन नेगी, नौली प्रधान अक्षय नेगी, रमेश नेगी, जीत नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
