क्षेत्रीय समाचार

जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार शिविर में 105 शिकायतें दर्ज, 80 का मौके पर निस्तारण

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 18 फरबरी। विकास खंड थराली के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज लोल्टी में आयोजित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 80 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में थराली को जिला बनाए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठी।

न्याय पंचायत लोल्टी में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि जनता की छोटी–छोटी समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने लोगों की समस्याएं व शिकायतें सुनीं। इस दौरान नगर पंचायत थराली के देवराड़ा वार्ड निवासी भूवन टम्टा ने शिकायत की कि उन्हें दो माह के भीतर 96 हजार और 60 हजार रुपये वार्षिक आय दर्शाते हुए दो अलग–अलग आय प्रमाण पत्र जारी किए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने राजस्व उपनिरीक्षक देवराड़ा को तत्काल हटाने के निर्देश तहसीलदार को दिए।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष तेजपाल गुसाईं ने राइका लोल्टी में दैवी आपदा से हुई क्षति के बावजूद मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। राज्य आंदोलनकारी भूपाल राम गुसाईं ने थराली को जिला बनाने, राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को पिंडर घाटी से जोड़ने हेतु प्रस्तावित विनायक–कस्बीनगर मोटर मार्ग के निर्माण, थराली में उप जिला चिकित्सालय तथा तुगेश्वर में आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की मांग रखी।
प्रेम बुटोला ने आपदा क्षति के बावजूद उचित मुआवजा न मिलने सहित अन्य समस्याएं उठाईं, जबकि केदार पंत ने नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा तक सड़क निर्माण की मांग की। उपजिलाधिकारी ने श्रम विभाग को विभिन्न स्थानों पर विभागीय शिविर लगाने के निर्देश भी दिए।
शिविर में क्षेत्र पंचायत सदस्य मनमोहन सिंह रावत ने विभागाध्यक्षों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए आयोजन की सार्थकता पर सवाल उठाए। इस पर विधायक टम्टा ने कहा कि जिन विभागों के सक्षम अधिकारी शिविर में उपस्थित नहीं हुए हैं, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख प्रवीण पुरोहित, ज्येष्ठ प्रमुख नवनीत रावत, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, लोल्टी ग्राम प्रधान करीना देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत नेगी, नंदू बहुगुणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता बबिता, जल निगम के कैलाश नौटियाल, जल संस्थान के धर्मराज मौर्य, विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समस्याओं का निस्तारण किया। शिविर में सभी विभागों द्वारा अपने–अपने स्टॉल भी लगाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!