Uncategorized

देवाल के खेता में ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर, 58 शिकायतें दर्ज, 53 का त्वरित निस्तारण

थराली, 7 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत न्याय पंचायत देवाल के खेता गांव में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 58 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 53 का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ई. ओम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में सर्वाधिक शिकायतें लोक निर्माण विभाग से संबंधित रहीं। मुख्य अभियंता ने सभी समस्याओं के हरसंभव समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में देवाल–सुयालकोट–मानमती मोटर मार्ग पर भूस्खलन से प्रभावित सुयालकोट क्षेत्र के ट्रीटमेंट अथवा एलाइनमेंट परिवर्तन की मांग प्रमुखता से उठी। इस पर लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि सुयालकोट क्षेत्र का सर्वे टीएचडीसी से कराया गया है, जिसमें ट्रीटमेंट के लिए 55 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जबकि एलाइनमेंट परिवर्तन पर लगभग 24 करोड़ रुपये का व्यय संभावित है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 90 (थराली–देवाल–मंदोली–वांण) पर राजजात यात्रा के तहत कराए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता की कमी तथा ठेकेदार द्वारा पेटी कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से कार्य कराने की शिकायत भी की गई। वहीं मानमती क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में आज तक संचार सुविधा उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया गया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में चार बीएसएनएल टावर स्थापित किए गए हैं, लेकिन वे अभी तक संचालित नहीं हो पाए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2027 तक दूरसंचार सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
शिविर में सिंचाई, लघु सिंचाई, शिक्षा, पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, आपदा प्रबंधन सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं। मुख्य अभियंता ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से आम जनता को सीधा और त्वरित लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में थराली के तहसीलदार अक्षय पंकज, देवाल के खंड विकास अधिकारी जगदीश चंद्र बैरवाण, राजस्व निरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद गैरोला, पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के सहायक अभियंता डी.एस. भंडारी, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता शिकंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं पर जवाब दिए। कुछ विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर ग्रामीणों ने रोष भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, नरेंद्र बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, खेता व मानमती की प्रधान कलावती देवी, मोपाटा के रूप सिंह कुंवर, पूर्व जेष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, नलधुरा के क्षेत्र पंचायत सदस्य उर्वी दत्त जोशी, धर्मेंद्र बिष्ट तथा खेता के पूर्व प्रधान दान सिंह गड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!