जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा कार्यक्रम के तहत बोरागाड़ में शिविर आयोजित

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 5 फरबरी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड देवाल की न्याय पंचायत लिगड़ी के बोरागाड़ में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा बिजली, पानी, यातायात, संचार, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 52 समस्याएं व शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से प्राथमिकता के आधार पर 37 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया।
गुरुवार को आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता थराली के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री हरक सिंह रावत उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जनता की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को सीधा और त्वरित लाभ मिल रहा है।
देवाल के क्षेत्र प्रमुख तेजपाल रावत ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा अभियान के माध्यम से अब तक पूरे राज्य में हजारों शिकायतों और समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने इसे आमजन के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया।
उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने शिविर में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, मंडल समन्वयक नरेंद्र बिष्ट, ग्राम प्रधान लिगड़ी नरेंद्र सिंह बिष्ट, मोपाटा के रूप सिंह कुंवर, कोटेड़ा की चमेली देवी, तोरती के भगत सिंह, मेलखेत के विजय जोशी, चौड़ के क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र कोटेड़ी, नलधुरा के उर्वी दत्त जोशी, लिगड़ी की खिमुली देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं व शिकायतें रखीं। इस अवसर पर देवाल के खंड विकास अधिकारी जगदीश चंद्र बैरवाण, थराली के तहसीलदार अक्षय पंकज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, पंचायतीराज, सैन्य कल्याण समिति, राजस्व विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टालों से आमजन ने विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लेकर भरपूर लाभ उठाया।
