जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत जोशीमठ के तपोवन में बहुउद्देशीय शिविर

ज्योतिर्मठ, 6 फरवरी (कपरूवाण)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत सीमांत विकासखंड जोशीमठ की न्याय पंचायत तपोवन में गुरुवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने की। इस अवसर पर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए विभिन्न शिकायतों का निस्तारण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, आयुर्वेद, होम्योपैथिक, रीप एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर ही नागरिकों की समस्याएं सुनीं और समाधान के साथ आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
शिविर के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डूलाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश भंडारी एवं जगदीश सती, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, खंड विकास अधिकारी मोहन जोशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
