टीएमयू इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में मुंबई की नौसेना नर्सिंग विशेषज्ञों ने जीते दो बेस्ट रिसर्च अवार्ड

दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ‘केयरकॉन-2.0’ का समापन, देश-विदेश के विशेषज्ञों ने साझा किए शोध अनुभव
मुरादाबाद,7 अप्रैल।। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू), मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा आयोजित ‘प्रोस्पेक्ट्स एंड चैलेंजेज़ फॉर अर्ली एंड एडवांस हेल्थकेयर रिसर्चर्स’ विषय पर आधारित दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ‘केयरकॉन-2.0’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। सम्मेलन में देश-विदेश के नर्सिंग विशेषज्ञों ने अपने शोध अनुभव साझा किए और कुल 30 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।
कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र स्थित इंडियन नेवल हॉस्पिटल शिप (आईएनएचएस) के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रो. लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योति पी. शेवाले ने रिसर्च पेपर प्रजेंटेशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आईएनएचएस की ही प्राचार्या कर्नल ए.एस. सरिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान पश्चिम बंगाल की सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की सुश्री सुवर्णा नेगी को मिला।
रिसर्च पेपर प्रजेंटेशन का मूल्यांकन आईसीएमआर-नई दिल्ली के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर डॉ. योगेश कुमार वार्ष्णेय, टीएमयू कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रो. सुमन वशिष्ट तथा प्रो. अनुषी सिंह ने किया।
सम्मेलन के दौरान मालद्वीप के विला कॉलेज की फैकल्टी ऑफ हेल्थ साइंसेज़ की डिप्टी डीन डॉ. मनो प्रिया विजयान ने शोध प्रस्ताव तैयार करने की वैज्ञानिक और संरचित प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने प्रभावी ग्रांट राइटिंग के लिए उद्देश्य निर्धारण, कार्यप्रणाली और बजट निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष जोर दिया तथा विभिन्न फंडिंग एजेंसियों तक पहुंच बनाने की रणनीतियां भी साझा कीं। उन्होंने नवोदित शोधकर्ताओं को आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। इस सत्र में बॉम्बे हॉस्पिटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, इंदौर की प्रो. एम.एस. विंसी ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई।
समापन (वैलिडिक्ट्री) सत्र में टीएमयू के कुलपति प्रो. वी.के. जैन, नर्सिंग कॉलेज की डीन प्रो. एस.पी. सुभाषिनी, प्राचार्या प्रो. एम. जेसलीन, प्राचार्या प्रो. श्योली सेन तथा डॉ. अनुराग वर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. वी.के. जैन ने आईसीएमआर से आए मेहमानों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मेलन में आईसीएमआर-नई दिल्ली के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. नवीन शर्मा, सीनियर टेक्निकल ऑफिसर श्री अभिनव, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंस की प्रोफेसर-सह-डीन डॉ. वैशाली आर. मोहिते, बी.एम. पाटिल इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंसेज़, विजयपुर की वाइस प्रिंसिपल-कम-एचओडी डॉ. सुचित्रा ए. रति, निमहांस बेंगलुरु के नर्सिंग कंसल्टेंट डॉ. गोपीचंद्रन एल., नर्सिंग नेक्स्ट लाइव, नई दिल्ली की चीफ एकेडमिक ऑफिसर सुश्री प्रियंका बंसल, एम्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नई दिल्ली की प्रोफेसर-कम-प्रिंसिपल डॉ. लता वेंकटेशन, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की डॉ. सुषमा कुमारी सैनी, एनआईएनई चंडीगढ़ की प्रोफेसर-कम-प्रिंसिपल डॉ. सुखपाल कौर, एम्स ऋषिकेश की प्रोफेसर-कम-प्रिंसिपल डॉ. स्मृति अरोरा, समर्पण इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, लखनऊ की प्रिंसिपल डॉ. दीप्ति शुक्ला, एसजीटी यूनिवर्सिटी गुरुग्राम के डीन डॉ. सुनील के. दुलार तथा निमस यूनिवर्सिटी, जयपुर के प्रोफेसर-कम-प्रिंसिपल डॉ. महाराज सिंह सहित कई विशेषज्ञों ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए।
वैलिडिक्ट्री सत्र में वाइस प्रिंसिपल प्रो. रामनिवास, प्रो. आर.के. गर्ग, प्रो. योगेश कुमार, प्रो. सुरेन्द्र सिंह गुर्जर, प्रो. सपना सिंह, प्रो. लिंसी जोसेफ, प्रो. जितेन्द्र सिंह तथा प्रो. वरुण तोशनीवाल समेत अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. विजीमोल ने किया, जबकि सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
