शरणा चाई में गौरा अम्बा देवी मंदिर में नौ दिवसीय नवरात्र पाठ, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
पोखरी, 26 सितम्बर (राणा)। ग्राम पंचायत शरणा चाई स्थित गौरा अम्बा देवी मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय नवरात्र पाठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा ग्राम प्रधान केदार सिंह राणा के नेतृत्व में आयोजित इस सामूहिक धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन भक्ति भाव से पूजा-अर्चना, कीर्तन और भजन संध्याएं हो रही हैं।
मंदिर परिसर को ग्रामीणों ने हरियाली और सजावट से आकर्षक रूप दिया है। वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना कराई जा रही है। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा सुबह-शाम भजन-कीर्तन में शामिल होकर माता को साड़ी, पांवड़े और अन्य भेंट अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।
यह नवरात्र आयोजन 2 अक्टूबर को जौ की हरियाली के उपाड़ने, सामूहिक पूजा और विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा।
नवरात्र के पांचवें दिन पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने भी मंदिर पहुंचकर मां गौरा अम्बा देवी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रधान केदार सिंह राणा, आनंद सिंह राणा, पंडित फरसा राम जोशी, प्रकाश जोशी, ऋषि प्रकाश जोशी, सुदामा सिंह राणा, सूर सिंह राणा, अजीत राणा, म.म. अध्यक्ष उषा देवी, दीपा देवी, किरन देवी, रैजा देवी, गीता देवी, सत्येन्द्र नेगी, संतू नेगी, सन्तोष चौधरी, बीरेंद्र भण्डारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मातृशक्ति उपस्थित रहे।
