क्षेत्रीय समाचार

पिंडर घाटी दौरे पर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष डिमरी, मनरेगा से गांधी का नाम हटाने का किया विरोध

 

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –

थराली, 21 दिसंबर। जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने रविवार को पिंडर घाटी का व्यापक दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पिंडर घाटी पहुंचने पर कांग्रेसियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

अपने दौरे के दौरान डिमरी ने नारायणबगड़, पंती मिंगगधेरा, कुलसारी, थराली, चेपड़ो और देवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी समर्पित कार्यकर्ताओं से मिलजुलकर काम करने की अपील की। डिमरी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है, तभी पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विकास, युवाओं को रोजगार देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के मोर्चे पर सरकारें पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनविरोधी नीतियों को आम जनता के बीच उजागर करें और भाजपा के खिलाफ जनमत तैयार करें।

इस अवसर पर विकासखंड मुख्यालय देवाल में जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने नवनिर्वाचित प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप सिंह बिष्ट, केदार दत्त और सेवानिवृत्त शिक्षक शेर सिंह बिष्ट को सम्मानित किया। ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने पार्टी संगठन को मजबूत करने पर अपने विचार रखे।

बैठक में केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने और रोजगार गारंटी योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने का पुरजोर विरोध किया गया। इसके बाद सभी कांग्रेसी देवाल बस स्टेशन पहुंचे, जहां केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।

इस मौके पर अरविंद नेगी, लक्ष्मण बिष्ट, महेश त्रिकोटी, खिलाप बिष्ट, महावीर बिष्ट, हीरा सिंह बिष्ट, इंद्र सिंह राणा, कंचन बिष्ट, सचिन परिहार, गजेंद्र गड़िया, गोविंद सिंह बिष्ट, गजेंद्र रावत, मोहन राम, संगीता बिष्ट, पुष्प देवी, पुष्कर बिष्ट, रणजीत बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!