क्षेत्रीय समाचार

पालीटेक्निक कॉलेज पोखरी का सात दिवसीय एनएसएस शिविर मयाणी गुनियाला में शुरू

पोखरी, 16 मार्च (राणा)। राजकीय पालीटेक्निक कॉलेज नागनाथ पोखरी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं का सात दिवसीय विशेष शिविर राजकीय प्राथमिक विद्यालय मायनी गुनियाला में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया।

शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पंचायत पोखरी की पार्षद श्रीमती कुसुम कंडारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पढ़ाई के साथ-साथ समाज सेवा, सहयोग और सर्वदान की भावना विकसित करना है। ऐसे शिविर युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं।

उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर और आसपास के मार्गों में स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा-कचरा एकत्रित किया और उसका निस्तारण किया।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विष्णु कुमार ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं के जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है और ऐसे शिविर व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर प्रदीप कठैत, अंजना चौहान, सुदर्शन सिंह, नवीन चंद्र, आशीष सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!